JOIN US | हमसे जुड़िये
समाज में कोई भी सकारात्मक परिवर्तन उस समाज के लोगों की संकल्प शक्ति और कर्मठता के बिना संभव नहीं है। आप भी चूंकि इसी समाज के अंग हैं, इसलिए इसको ठीक करने की जिम्मेदारी जितनी मेरी है, उतनी ही आप की भी है। करने को सबके लिए कुछ न कुछ है। देश में इस समय व्यवस्था परिवर्तन को लक्ष्य बनाकर विभिन्न प्रकार की बौद्धिक, रचनात्मक और आंदोलनात्मक गतिविधियों की अंतरधारा बह रही है। कई संगठन इन कामों में लगे हुए हैं। आप इन तीनों धाराओं में से किसी एक में या एक से अधिक में अपनी रुचि को देखते हुए सक्रिय हो सकते हैं। चूंकि व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई का बुनियादी सूत्र विकेन्द्रीकरण है। इसलिए यह कतई आवश्यक नहीं कि यह लड़ाई किसी ऐसे केन्द्रीकृत सांगठनिक ढांचे के तहत लड़ी जाए जिसमें पदाधिकारियों की एक लंबी-चौड़ी फौज हो और जिसका कोई एकछत्र नेता हो। हमारा लक्ष्य किसी पारंपरिक संगठन से पूरा नहीं हो सकता। सभी अच्छे लोगों को एक संगठन के नीचे काम करने की जरूरत नहीं है। जरूरत है बस उन्हें साथ काम करने की, भले ही वे अलग-अलग संगठनों में ही क्यों न हों।
महत्वपूर्ण यह नहीं कि आप किस बैनर तले काम कर रहे हैं, महत्वपूर्ण यह है कि आप क्या काम कर रहे हैं। हाई कमांड संस्कृति के तहत काम करते हुए व्यवस्था परिवर्तन के लक्ष्य को कभी भी पूरा नहीं किया जा सकता। लेकिन साथ ही यह भी सच है कि हम असंगठित रहते हुए अपने लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकते। इसलिए हमें आज संगठन की नई परिभाषा गढ़नी होगी। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि संगठन का मतलब आदेश और आज्ञापालन न समझा जाए। प्रथम दृष्टि में यह सब मुश्किल लगता है। किंतु, वास्तव में ऐसा नहीं है। आपसी संवाद एवं समन्वय एक ऐसा सूत्र है जिससे हम अपने काम में तालमेल बिठा सकते हैं। हम स्वतंत्र रहते हुए भी संगठित हो सकते हैं। इसी सूत्र को ध्यान में रखते हुए मैं देश भर की सज्जन शक्ति के बीच कार्य कर रहा हूं। मेरे इस प्रयास में प्रत्येक भारतवासी की एक भूमिका है।
यदि आप अपने कार्यों को सांगठनिक रूप दे चुके हैं तो कृपया अपने संगठन की प्रकृति और उसके कार्यों की जानकारी हमें दें। यदि आपके प्रयास अभी व्यक्तिगत स्तर पर ही हैं, किंतु अब आप सांगठनिक स्तर पर योगदान देना चाहते हैं, तो कृपया बताएं कि आप की रुचि किस प्रकार के काम में है। व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई के तीन आयाम हैं- बौद्धिक, रचनात्मक एवं आंदोलनात्मक। इनमें से जिस किसी में आपकी रुचि हो, उसी प्रवृत्ति के संगठन से मैं आपको जोड़ने का प्रयास करूंगा। देश की सज्जन शक्तियों के बीच संवाद स्थापित हो और वे मिलकर व्यवस्था परिवर्तन के लक्ष्य के लिए संघर्ष करें, यह अपने आप में पूरा काम है और इसके लिए भी सांगठनिक प्रयासों की जरूरत पड़ती है। यदि आप संवाद एवं समन्वय के इस कार्य में मेरे साथ जुड़ना चाहते हैं, तो भी आपका स्वागत है। संसाधन जुटाने, संपर्क करने जैसे कई सांगठनिक कार्य हैं, जिसमें आप मेरा सहयोग कर सकते हैं। मुझे यह जानने की उत्सुकता है कि आप व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई में कैसे जुड़े हैं या कैसे जुड़ना चाहते हैं? देश और समाज के सम्मुख जो समस्याएं हैं उन्हें आप किस प्रकार देखते हैं।
आपके पत्र/ईमेल की मैं प्रतीक्षा करूंगा।
के. एन. गोविंदाचार्य
संस्थापक-संरक्षक
राष्ट्रीय स्वाभिमान आंदोलन
फोन- 011-45056777
Email :rsa.office1@gmail.com
kngovindacharya@yahoo.com